सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं। जिले का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा। इस वर्ष 79.47 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि पिछले वर्ष 71.84 विद्यार्थी ही उत्तीर्ण हुए थे। इस वर्ष भी हायर सेकेंडरी परीक्षा में छात्रों के मुकाबले छात्राओं बाजी मारी।
जानकारी के अनुसार जिले की हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 12 हजार 503 विद्यार्थी शामिल हुए थे, इनमें से 9 हजार 477 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जिसमें से 8 हजार 103 छात्रों में से 5 हजार 803 और 4 हजार 532 छात्राओं में से 3 हजार 646 छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। जबकि 3 हजार 854 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इसी प्रकार 1 हजार 372 परीक्षार्थियों को पूरक है तथा 1 हजार 76 परीक्षार्थी फैल हुए हैं। प्रदेश की मेरिट सूची में जिले के एक भी परीक्षार्थी का नाम सम्मिलित नहीं है। यह बात निराशाजनक है, चूंकि पिछले कई वर्षों से निरंतर जिले के विद्यार्थी प्रदेश की मेरिट सूची में अपना स्थान बनाते रहे हैं।
कैफों पर रही भीड़
सोमवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम शाम 4 बजे घोषित किए गए, इसकी सूचना विद्यार्थियों को पहले से ही थी, जिसके चलते जिला मुख्यालय पर स्थित सभी नेट कैफों पर दोपहर 3 बजे से ही विद्यार्थियों की परीक्षा परिणाम जानने के लिए भीड़ लगना प्रारंभ हो गई थी। सभी निगाहें घड़ी की सूईयों पर टिकी हुई थीं, जैसे ही शाम 4 बजे परीक्षा परिणाम घोषित हुए, वैसे ही विद्यार्थियों की भीड़ और बढ़ गई। वेबसाईट पर परीक्षा परिणाम जानने के बाद परीक्षार्थियों में कहीं खुशी, तो कहीं गम की स्थिति निर्मित हो गई थी।
इन्होंने छुआ आसमान
जिले की मेरिट सूची में आष्टा, बुधनी और नसरुल्लागंज तहसील क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों ने अपना स्थान बनाया है। जिला शिक्षा विभाग द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार आष्टा के जेजे पब्लिक स्कूल के छात्र मिर्जा अमन बैग ने प्रथम, बुधनी के भारती विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र प्रवेश चौधरी ने द्वितीय, नसरुल्लागंज के देव माता विद्या आश्रम हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली अफसीन रहमान ने तीसरा स्थान और आष्टा के सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ने वाली नेहा नामदेव ने भी जिले की मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इन होनहार विद्यार्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र शर्मा ने बधाई दी है।












