सीहोर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवरात्र की अष्टमी पर आज मंगलवार को सलकनपुर स्थित माँ विजयासन देवी धाम पहुंचकर सपत्नीक पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सलकनपुर मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान के साथ पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की खुशहाली, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर की परिक्रमा भी की। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश का विकास और जनकल्याण ही उनका लक्ष्य है जिसे प्राप्त करने की उन्होंने आज माँ विजयासन माताजी से प्रार्थना की है। बेटी है तो कल हैमुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनप्रतिनिधियों, समाज सेवियों, स्वैच्छिक संगठनों और अभिभावकों से अपील की है कि वे बेटी बचाओ अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभायें। उन्होंने बेटियों को सृष्टि का वरदान बताते हुए कहा कि बेटी होगी तो कल होगा। बेटियों को बोझ नहीं बल्कि वरदान समझें। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात की कमी को सुधारने के लिए प्रत्येक नवदंपत्ति को यह संकल्प लेना होगा कि बिटिया को जन्म लेने से नहीं रोकना है। उन्होंने कहा कि बिटिया को जन्म लेने का उतना ही अधिकार है जितना बेटे को। इसके लिए जहाँ पुरूषों को अपनी मानसिकता बदलना पड़ेगी वहीं महिलाओं को भी जागरूक होकर बालिका भ्रूण हत्या का दृढता से विरोध करना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार का बेटी बचाओ अभियान इसी दिशा में उठाया गया एक सार्थक प्रयास है जिसे समन्वित प्रयासों से सफल बनाया जाएगा। सहज भाव से मिले मुख्यमंत्री प्रसिद्ध देवीधाम में बड़ी संख्या में आए श्रृद्धालुओं से मुख्यमंत्री श्री चौहान सहज भाव से मिले और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने श्रृद्धालुओं को दर्शन करने में किसी तरह की दिक्कत न हो इसका ध्यान रखने के अधिकारियों को निर्देश दिये। इस मौके पर अध्यक्ष वन विकास निगम गुरुप्रसाद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुनाथ सिंह भाटी, मण्डल अध्यक्ष राम सजीवन यादव, लखन यादव, रवि मालवीय, राजेन्द्र पटेल, ललित शर्मा, नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन-प्रतिनिधि एवं श्रद्धालु मौजूद थे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें