शनिवार, 15 अक्टूबर 2011

मंत्री श्री वर्मा ने किया 7 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन







सीहोर : प्रदेश के राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री करणसिंह वर्मा आज सीहोर के ग्राम उदपुरा, गुडभेला तथा आमाझिर पहुंचे और 7 करोड़ 26 लाख 6 हजार रूपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। ग्राम उदपुरा में मंत्री श्री वर्मा ने उदपुरा-पटारिया बाया पटारिया सिंधा मार्ग लागत 254.56 लाख रूपये लम्बाई 4.9 कि.मी. का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच सौड़ा श्री नरेन्द्र वर्मा ने की तथा विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिन्दा बाई तथा जनपद सदस्य श्रीमती संगीता वर्मा थी। ग्राम गुडभेला में मंत्री श्री वर्मा ने गुडभेला से मोगराराम मार्ग निर्माण लागत 186.08 लाख रूपये तथा हाई स्कूल भवन लागत 35 लाख रूपये का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्री हेमराज पडियार ने की तथा विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बिन्दाबाई और जनपद सदस्य श्रीमती निर्मला वर्मा थी। मंत्री श्री वर्मा ने यहां छात्राओं को सायकल हेतु चेक भी प्रदान किए। इसके पश्चात मंत्री श्री वर्मा ग्राम आमाझिर पहुंचे जहां उन्होंने ग्राम आमाझिर से लसूडियाराम तक मार्ग निर्माण लागत 250.42 लाख लम्बाई 4.20 किलोमीटर का भूमि पूजन किया । इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती नारायणी बाई तथा विशेष अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बिन्दाबाई एवं जनपद सदस्य श्रीमती निर्मला वर्मा थी। इन कार्यक्रमों के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने अपने उदबोधन में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लागू जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश बीमारू राज्य से आदर्श राज्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के प्रावधानों से भी उपस्थित जन समुदाय को अवगत कराया। उन्होंने बेटी बचाओ अभियान की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटी न होगी तो सृष्टि ही समाप्त हो जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने आमजन की समस्या सुनकर मौके पर ही निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर मंडल भाजपा अध्यक्ष दशरथ सिंह परमार, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लक्ष्मीनारायण वर्मा, सन्नी महाजन, सूर्यनारायण जलोदिया, श्री त्यागी तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं भारी जनसमूह उपस्थित था।

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites