शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2011

घर में घुसकर युवती को जलाया

सीहोर नगर के गुलजारी बगीचा क्षेत्र में एक युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। गंभीर अवस्था में जली युवती को भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नगर के गुलजारी के बगीचा क्षेत्र निवासी प्रकाश कौशल की 17 वर्षीय पुत्री अपने घर में रविवार की शाम स्टोव पर चाय बना रही थी। इसी दौरान घर में अचानक घुसे एक व्यक्ति ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ पीछे से डाल दिया, जिससे उसके शरीर में आग लग गई। अचानक हुई घटना में युवती उस पर पदार्थ डालने वाले व्यक्ति को पहचान नहीं पाई। बताया जाता है कि उसके परिजन भी घटना के वक्त घर पर नहीं थे। युवती का शोर सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे और उन्होंने गंभीर रूप से जली युवती को जिला अस्पताल में दाखिल कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया है।
मामले में पुलिस ने जिला अस्पताल में पहुंचकर युवती के बयान लिए हैं। पुलिस को दिए गए बयान में युवती ने बताया कि वह अपने घर पर चाय बना रही थी, तभी पीछे से आकर किसी ने उस पर तेल डाल दिया, जिससे आग लग गई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया है।

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites