बुधवार, 19 अक्टूबर 2011

गंभीरतापूर्वक विकास कार्यों की लक्ष्यपूर्ति की जाए - सांसद श्रीमती स्वराज

सीहोर : जिला स्तरीय सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक आज लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती सुषमा स्वराज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उन योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई जिनका जिले में संचालन किया जा रहा है। बैठक में राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, सांसद श्री सज्जनसिंह वर्मा, आष्टा विधायक श्री रंजीत सिंह गुणवान, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री रधुनाथ सिंह भाटी, सीहोर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संतोष कुंवर, आष्टा जनपद अध्यक्ष श्री धारासिंह पटेल सहित अन्य समिति सदस्य कलेक्टर डॉ.संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक श्री के.बी. शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.एस.जामोद, अपर कलेक्टर श्री एस.एस. बधेल, वन संरक्षक श्री ए.बी. नीमा, जिला योजना अधिकारी श्री सेवाराम सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख उपस्थित थे। बैठक को गंभीरता से लिया जाएसांसद श्रीमती सुषमा स्वराज ने कहा कि जिले के विकास को अंजाम तक पहुंचाने के लिए जरूरी है कि बैठक में तय किए गए लक्ष्य के मुताबिक उसकी पूर्ति की जाय। उन्होंने अधिकारियों को ताकीद की कि वे जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक को पूरी गंभीरता से लें और सौंपे गए लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करें। विकास कार्यों की बेहतर लक्ष्यपूर्ति के लिए उन्होंने जहां जिला पंचायत सीईओ को शाबासी दी वहीं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में लक्ष्यपूर्ति हासिल नहीं किए जाने पर अप्रसन्नता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बैठक में जो लक्ष्य तय किया जाए उसकी समय सीमा में पूर्ति सुनिश्चित की जाए। निर्णय को परिणाममूलक बनाएं श्रीमती स्वराज ने जिला स्तरीय सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक हर तीन माह में आयोजित करने और बैठक में लिए गए निर्णयों को परिणाममूलक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक की महज कागजों पर समीक्षा करना नहीं, बल्कि लिए गए निर्णयों के मुताबिक विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन होना भी जरूरी है तभी बैठक की सार्थकता सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का जरूरतमंद और पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से भी यह अपेक्षा की कि वे शासकीय योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए विकास कार्यों का निरीक्षण करें। इन योजनाओं की हुई समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, महात्मागांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, इंदिरा आवास, स्वर्ण जयन्ती ग्राम स्वरोजगार योजना, समग्र स्वच्छता, एकीकृत पड़त भूमि विकास कार्यक्रम, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.एस.जामोद ने ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites