सोमवार, 17 अक्टूबर 2011

काम समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण हो अन्यथा कठोर कार्यवाही की जाएगी - प्रभारी मंत्री श्री शर्मा

सीहोर : संस्कृति, उच्च शिक्षा, जन सम्पर्क, धार्मिक न्यास, धर्मस्व एवं सीहोर जिला प्रभारी मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई जिसमें गत बैठक के पालन प्रतिवेदन का अवलोकन, जिले की वार्षिक जिला योजना प्रस्ताव वर्ष 2012-13 पर चर्चा उपरांत अनुमोदन तथा महिला बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में आष्टा विधायक श्री रंजीत सिंह गुणवान, जिला पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष रघुनाथ सिंह भाटी, श्रीमती गुलाबबाई ठाकुर, देवीसिंह परमार, मायाराम गौर, कोमल परमार, बिन्दाबाई, श्रीमती भगवती देवी, श्रीमती इमलेश जाट, श्रीमती कृष्णाबाई कुशवाह, श्रीमती पुष्पा बाई बडोदिया, श्री राजेश पंवार, श्री जीवन सिंह मण्डलोई, श्री हुकुमसिंह वर्मा, श्री जगदीश चौहान, श्री बद्रीलाल कटारिया, श्री मुईनउद्दीन भाई सहित अन्य समिति सदस्य, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक के.बी.शर्मा, जिला योजना अधिकारी सेवा राम सहित समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। जिला योजना अधिकारी ने वर्ष 2012-13 की विकेन्द्रीकृत जिला योजना का प्रस्तुतीकरण किया। प्रभारी मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने आंगनवाडी भवनों के निर्माण कार्य संबंधी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग से खाद-बीज की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की तथा उप संचालक कृषि को निर्देशित किया कि वे किसानों की खाद-बीज समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। मंत्री श्री शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ को निर्देशित किया कि वे दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना के कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाएं तथा सभी आवश्यक दवाईयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ईई पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि सभी निर्माण काम समय पर एवं गुणवत्ता पूर्ण होने चाहिए अन्यथा कठोर कार्यवाही की जाएगी। आष्टा के निर्माणाधीन फिल्टर प्लांट की गुणवत्ता की जांच हेतु तीन विभाग लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा जल संसाधान के कार्यपालन यंत्रियों की समिति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही की जानकारी भी प्राप्त की। जिला योजना समिति के सदस्य राजेश पंवार द्वारा नसरूल्लागंज में यूसीएफएसएमटी योजना के अंतर्गत घटिया निर्माण कार्य, सिविल हॉस्पीटल नसरूल्लागंज में पदस्थ महिला चिकित्सकों की अनुपस्थिति एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा की जा रही अनियमितताओं की शिकायत पर प्रभारी मंत्री श्री शर्मा ने कलेक्टर को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक के पश्चात कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के निर्देश पर जिला सूचना अधिकारी संजय जोशी एवं जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस.के.जैन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के केरोसीन के परिवहन वाले सात वाहनों पर लगाए गए जी.पी.एस. सिस्टम का प्रदर्शन एनआईसी में प्रभारी मंत्री श्री शर्मा के समक्ष किया। श्री शर्मा ने इस तरह की मॉनीटरिंग की प्रशंसा की।

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites