सीहोर : राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय के मुताबिक प्रदेश में आगामी वर्ष 2012 में समर्थन मूल्य पर गेहूं के उपार्जन के लिए प्रत्येक किसान का अग्रिम पंजीयन कर इसे ऑन लाइन किया जाएगा। प्रदेश सहित सीहोर जिले में भी दो अक्टूबर से किसानों के पंजीयन का कार्य सतत रूप से जारी है । पंजीयन के लिए किसानों को सिर्फ किसान नागरिक सुविधा-केन्द्र या एम.पी. ऑन-लाइन कियॉस्क तक पहुँचकर ऑन लाइन पंजीयन कराना है। डाटा एन्ट्री करने वाली सेवा प्रदाता कंपनी के लिऐ प्रति किसान दस रूपये शुल्क निर्धारित किया गया है। कलेक्टर डॉ.संजय गोयल ने किसानों से अनिवार्यत: पंजीयन कराने की अपील की है।
पंजीयन कराना आसान
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस.के.जैन ने एक जानकारी में बताया कि एमपी ऑन लाइन कियोस्क अथवा नागरिक सुविधा केन्द्र (डाटा एन्ट्री सेन्टर) पर जाकर किसान अपना पंजीयन करा सकेंगे। इसके लिए किसान को पंजीयन फार्म भरना होगा जिसमें किसान के गांव व ग्राम पंचायत का नाम पता और खसरा एवं रकबा की जानकारी रहेगी। किसान को अपना अथवा अपने पड़ोसी का मोबाइल नंबर और किस उपार्जन केन्द्र पर फसल विक्रय करने का इच्छुक है इसकी जानकारी देना होगी। पंजीयन के समय किसान को भू-अधिकार ऋण-पुस्तिका अपने साथ लाना होगी। पंजीयन की कार्रवाई स्टॉफ करेगा इसलिये किसानों के पढ़े-लिखे न होने या ऑन-लाइन व्यवस्था के जानकार नहीं होने से प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आएगी। किसान पंजीयन की पावती अवश्य प्राप्त करें। यदि किसी किसान द्वारा जिले के बाहर अपना पंजीयन ऑनलाइन कराया है तो उसकी सूची एसडीएम को भेजकर तहसीलदार से सत्यापन कराया जाएगा।
फायदेमंद होगा पंजीयन
किसानों को इस पंजीयन के चलते अपने क्षेत्र में उपार्जन अवधि के दौरान कोई परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। उन्हें एसएमएस अलर्ट के ज़रिये अपने घर बैठे पहले से मालूम हो जायेगा कि कब उन्हें अपनी उपज लेकर मंडी या खरीदी केन्द्र पहुँचना है। दूसरी बात यह है कि किसानों की आड़ में बाहर का कोई व्यक्ति यहाँ आकर समर्थन मूल्य पर उपज नहीं बेच सकेगा। चूँकि प्रदेश के पंजीकृत किसानों की जानकारी का पूरा ब्यौरा रिकार्ड पर दर्ज होगा जिससे उन्हें ही उपज बेचने की वाजिब कीमत और राज्य सरकार का बोनस भी मिलेगा।
दिक्कत होने पर यहां संपर्क करें
पंजीयन के लिए किसान किसी भी कम्प्यूटर की दूकान में जाकर एमपी ऑन लाईन कियोस्क की बेबसाइड पर जानकारी हासिल कर पंजीयन करा सकेंगे। जिले में किसानों के पंजीयन में आने वाली समस्या को दूर करने के लिए सीहोर ग्रामीण में सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री शाकिर खान मोबाइल नंबर 9179163232, सीहोर नगर में सहा.आपूर्ति अधिकारी एस.के.वर्मा 9424539190, आष्टा में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शाहना खान मोबाइल नंबर 9826482205, इछावर में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रेशमा भांवोर मोबाइल 9229071236, नसरूल्लागंज में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पिन्की शाक्य मोबाइल नंबर 9575138733 तथा बुधनी में सहायक आपूर्ति अधिकारी आर.पी. गुप्ता मोबाइल नंबर 9893753435 को दायित्व सौंपा गया है। पंजीयन कराने में अथवा केन्द्र ढूंढने में किसी किसान को कोई दिक्कत आ रही है तो वे संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। मोबाइल नंबर 9302492162 एवं कियोस्क अधिकारी प्रमोद भार्गव से दूरभाष क्रमांक 0755-4019413 अथवा 4019414 पर सम्पर्क कर अपनी समस्या का निराकरण कर सकते हैं।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें