सीहोर। नवागत पुलिस अधीक्षक केबी शर्मा ने अपने तेवर दिखाने शुरु कर दिए हैं। उन्होंने महकमे को यह साफ संकेत दे दिया है कि उनके रहते पुलिस कर्मी बेवजह आम लोगों को परेशान नहीं कर सकते हैं। साथ ही विभाग में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक ताजे मामले में पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मी को लाइन अटैच किया है। मामला यूं बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह दोराहा जोड़ से भोपाल की ओर जा रहे एक ट्रक दोराहा थाने में पदस्थ आरक्षक माखनसिंह ने हाथ देकर रोका और फिर उससे वसूली की मंशा से बातचीत की। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा के पास पहुंची, तो वह बिना देर किए दोराहा थाना पहुंचे और उन्होंने उस ट्रक ड्राइवर ढुंढवाकर थाने बुलाया। पहले तो ड्राइवर ने डर की वजह से पुलिसकर्मी के कृत्य को छुपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस अधीक्षक के हौंसला देने पर उसने पुलिसकर्मी को पहचानने की बात कही, तब श्री शर्मा ने थाने में पदस्थ सभी पुलिस कर्मियों को बाहर बुलाकर थाना परिसर में पहचान परेड कराई। इस परेड के दौरान ट्रक ड्राइवर ने आरक्षक माखनसिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि साहब यही वह पुलिस वाला है, जिसने पैसे मांगे थे। बस फिर क्या था, पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक माखनसिंह को लाइन अटैच कर दिया और मामले में जांच करने के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक की इस कार्यप्रणाली की चर्चा महकमे के सभी पुलिस अधिकारियों में है और कहा जा रहा है कि नाम बदला है साहब नहीं।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें