सीहोर :सीहोर तहसील कार्यालय में आज राजस्व वर्ष के शुभारंभ अवसर पर एक अक्टूबर को राजस्व दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए पटवारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने पटवारियों को ई- बस्ता भी प्रदान किए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर एडीएम श्री एस.एस.बघेल, संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख श्री गिरीश शर्मा, एसडीएम श्री इच्छित गढ़पाले, अतिरिक्त तहसीलदार श्री नरेन्द्र ठाकुर, श्री राजेन्द्र पंवार सहित तहसील के सभी राजस्व अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।सराहनीय कार्यराजस्व दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि शासन की मंशा समाज के अंतिम छोर की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना है जिसमें राजस्व विभाग की अहम भूमिका है। उन्होंने बीते एक साल में राजस्व अमले द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कम्प्यूटरीकृत भू-अभिलेख, ऋण पुस्तिकाओं का वितरण, मूल राजस्व रिकार्ड सीमांकन, नामांतरण, बंटवारे, जनगणना आदि कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने में राजस्व अमले ने उल्लेखनीय भूमिका का निर्वहन किया है। डॉ. गोयल ने कहा कि समन्वित प्रयासों और टीम भावना से किए गए कार्यों से सफलता सुनिश्चित है। उन्होंने अन्य जिलों के मुकाबले सीहोर जिले में भू-अभिलेख संबंधी बेहतर कार्यों के लिए संयुक्त कलेक्टर श्री गिरीश शर्मा सहित समूचे राजस्व अमले को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि नए राजस्व वर्ष में भी इसी प्रकार टीम भावना से कार्य कर राजस्व अमला अपनी महती भूमिका साबित करेगा। उन्होंने राजस्व दिवस आयोजन की सराहना करते हुए इसे एसडीएम श्री गढपाले द्वारा की गई अच्छी पहल बताया। स्व-मूल्यांकन का अवसरकार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम श्री एस.एस.बघेल ने राजस्व दिवस मनाने की इस नई परम्परा को स्व मूल्यांकन करने की अच्छी पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से जहां स्व मूल्यांकन का अवसर मिलता है वहीं भविष्य में और अधिक बेहतरी के संकल्प को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि फील्ड में किए गए श्रेष्ठ कार्यों से ही अधिकारी कर्मचारी की पहचान बनती है।चुनौती पूर्ण कार्यों को अंजामकार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर श्री गिरीश शर्मा ने कहा कि जिले के भू-अभिलेख का कम्प्यूटरीकरण कर इसे ऑन लाइन करना एक चुनौती पूर्ण कार्य था जिसे समन्वित प्रयासों से बखूबी अंजाम दिया गया। इसी तरह राजस्व कार्यों के अलावा जनगणना, निर्वाचन आदि कार्यों को समय सीमा में पूरा करने में राजस्व अमले ने सराहनीय योगदान किया है। उन्होंने कहा कि जन विश्वास को कायम रखना एक महती जिम्मेदारी है जिसका कुशलतापूर्वक निर्वहन जरूरी है।
उपलब्धियां एवं लक्ष्य
एसडीएम श्री इच्छित गढपाले ने सीहोर अनुभाग में बीते राजस्व वर्ष में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष पाला एवं शीत लहर प्रभावित 6 हजार किसानों को 60 करोड़ की आर्थिक सहायता का वितरण तत्परता के साथ किया गया। इसी तरह सीमांकन के 642, बंटवारे के 1351, नामांतरण के 2332 प्रकरणों के निराकरण के साथ ही सीहोर तहसील में 30 हजार 500 और श्यामपुर तहसील में 21 हजार 347 ऋण पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। ई-बस्ता योजना के तहत मूल खसरे के 65 हजार 736 संशोधन कम्प्यूटरीकृत कर 51 हजार 445 तरमीमों को नक्शे पर उठाया गया। गत वर्ष 36 हजार 365 खसरा व खतौनी का वितरण किया गया। आगामी वर्ष में जातिगत जनगणना, ई-बस्ता योजना में नक्शों का शतप्रतिशत डिजीटाईजेशन, लोक सेवा गारंटी के तहत सभी सेवाओं को ऑन लाइन पंजीयन कर समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।कार्यक्रम में पटवारी श्री मुकुल तिवारी ने राजस्व विभाग की गतिविधियों पर आधारित स्व रचित गीत प्रस्तुत किया जिसे सबकी सराहना मिली। कार्यक्रम के संचालन का दायित्व तहसीलदार अलका इक्का ने बखूबी निभाया और अंत में आभार दोराहा नायब तहसीलदार शिल्पी दिवाकर ने व्यक्त किया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें