शनिवार, 1 अक्टूबर 2011

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों का सम्मान

सीहोर : अंतर्राष्ट्रीय वद्धजन दिवस एक अक्टूबर को आज जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में वृद्धजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री लालाराम मीणा, न्यायालय जिला रजिस्ट्रार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अरूण श्रीवास्तव तथा नगरपालिका के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप गौतम ने वृद्धजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.एल. मरावी, सिविल सर्जन डॉ.टी.एन.चतुर्वेदी, सचिव रेडक्रास डॉ. अनिल शर्मा, एसडीएम श्री इच्छित गढपाले, उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती जकिया जावेद, सीईओ जनपद पंचायत सीहोर डॉ.विनोद यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि वृद्धजन समाज के अभिन्न अंग है जिन्हें सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन दिवस मनाने का मकसद वृद्धजनों को सम्मानित करने के साथ ही उनकी समस्याओं को दूर करना और उनकी बेहतरी के कार्य करना हैं। डॉ. गोयल ने कहा कि एक अक्टूबर का दिन वृद्धजनों के लिए इसी उद्देश्य को लेकर समर्पित किया गया है कि वृद्धजनों की जरूरतों को समझकर उनके बेहतर जीवन के लिए और क्या क्या किया जा सकता है। कलेक्टर ने समाज में वृद्धजन का महत्व रेखांकित करते हुए कहा कि स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों को आगे आकर वृद्धजनों के हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद वृद्धजनों की समस्याएं जानने और इनका निराकरण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पृथक से कांउन्टर लगाकर वृद्धजनों के आवेदन प्राप्त करें और उनकी समस्याओं का निराकरण करें। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री लालाराम मीणा ने कहा कि वृद्धजनों का अनुभव और उनके आशीष से समाज को नई दिशा मिलती है। समाज का विकास वृद्धजनों के बगैर अधूरा है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन को सम्मान देने में कभी पीछे नहीं रहना चाहिए। घर-परिवार, पडोसी और समाज के वृद्धजनों को सहयोग करना सभी नागरिकों का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि न्यायालय में वृद्धजनों को प्राथमिकता देकर उनके बयान पहले लिए जाते हैं। इसी प्रकार हर स्थान पर उन्हें प्राथमिकता मिलना चाहिए। कार्यक्रम को नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री प्रदीप गौतम ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सौ वर्ष पूरे करने वाले पांच वृद्धजनों को एक एक हजार रूपये की राशि भेंट की गई। इनमें ग्राम दरखेड़ा के श्री ओंकार सिंह, इंग्लिशपुरा सीहोर की श्रीमती जमीला बी, सीहोर की श्रीमती मुलिया बाई एवं श्रीमती छोटी बाई तथा ग्राम बिजौरा के श्री चुन्नीलाल शामिल थे। चिकित्सकों द्वारा 133 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद शर्मा ने किया।

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites