बुधवार, 4 जनवरी 2012

अस्पताल के कर्मचारी रहेंगे जेल में!


सीहोर। जिला अस्पताल के ठीक सामने पुराने जेल भवन में अब कैदियों के स्थान पर अस्पताल के कर्मचारी रहेंगे। जेल भवन में रहने वाले कर्मचारियों की सूची सिविल सर्जन कार्यालय बनाएगा जिसकी तैयारी लगभग पूरी हो गई है। हालांकि यह जेल भवन मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल को स्थानांतरित किया गया है।
गौरतलब है कि लगभग एक वर्ष पूर्व पुराने जेल भवन से नए जेल भवन में कैदियों को स्थानांतरित कर दिया गया जिसकी वजह से पुराना जेल भवन रिक्त था। इस भवन को इस सदुपयोग के लिए कलेक्टर डॉ संजय गोयल ने शासन स्तर पर प्रयास कर भवन को जिला अस्पताल को स्थानांतरित करवा दिया। उनकी मंशा यह है कि इस भवन में मरीजों की सुविधा के मद्देनजर वार्ड बनाए जाए। लेकिन अस्पताल प्रशासन कलेक्टर की इस मंशा से इतफाक नहीं रखता है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की चिंता को दरकिनार कर कर्मचारियों की सुविधा को प्राथमिकता दी है और पुराने जेल भवन में मौजूद कमरों में अस्पताल के कर्मचारी निवास करेंगे। इन कमरों को हथियाने के लिए सभी तरह के प्रयास कर्मचारियों ने शुरू कर दिए हैं। बताया तो यह तक जा रहा है कि कुछ कर्मचारी अपने इन प्रयासों में सफल भी हो गए हैं और उन्हें आश्वस्त कर दिया गया है कि कमरे उन्हें ही मिलेंगे।
इधर सिविल सर्जन कार्यालय कर्मचारियों की सूची तैयार करने की तैयारी कर रहा है।
संविदा कर्मचारियों को प्राथमिकता
सूत्रों को मुताबिक पुराने जेल भवन में अस्पताल को शासन संविदा कर्मचारियों को कमरे देने में प्राथमिकता देगा। इसका कारण यह है कि इस समय अस्पताल में संविदा कर्मचारियों को अच्छा खासा दबदबा है और यह सभी किसी न किसी डॉक्टर के प्रिय है।
हो गई साफ सफाई
पुराने जेल भवन अस्पताल कर्मचारियों के रहने लायक बनाए जाने की तैयारियां की जा रही है। भवन के परिसर की साफ सफाई की जा चुकी है।
इनका कहना है
पुराना जेल भवन अस्पताल को उपलब्ध हो गया है। इसमें अस्पताल के कर्मचारियों को कमरे आवंटित किए जाएंगे इसकी प्रक्रिया चल रही है।
डॉ टीएन चतुर्वेदी, सिविल सर्जन जिला अस्पताल

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites