शनिवार, 31 मार्च 2012

नोट और वोट अब जनता के ही

सीहोर। देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बन रहे माहौल का भाजपा पूरा फायदा उठाना चाहती है। भाजपा ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है चुनावों में उद्योग पतियों से सहयोग राशि लिया जाना भी भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। इसलिए अब भाजपा आम लोगों से 100, 500 और 1000 रुपए की सहयोग राशि लेगी।
शनिवार को प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विश्वास सारंग ने संगठन की बैठक ली। बैठक में भाजपा की रणनीति का खुलासा किया गया है। श्री सारंग ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा निरंतर लड़ाई लड़ रही है। इसलिए अब भाजपा उद्योगपतियों से चुनाव के दौरान सहयोग राशि नहीं लेगी।
जिले से तीस लाख होेंगे इक्ट्ठे
जिले से भाजपा संगठन तीस लाख रुपए चुनाव के लिए संग्रह करेगा यह राशि जिला संगठन के पास ही होगी और यहीं खर्च की जाएगी।
मंडल अध्यक्षों को जिम्मेदारी
चुनावों के लिए धन संग्रह करने की जिम्मेदारी मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई है। इसके लिए जिला प्रभारी भी नियुक्त किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष पोलिंग बूथ तक जिम्मेदार सौंपेगे और धन संग्रह का कार्य किया जाएगा।
6 अप्रैल से 6 जुलाई तक
धन संग्रह किए जाने का कार्य भाजपा के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से शुरू होकर श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती 6 जुलाई तक किया जाएगा। भाजपा के स्थापना दिवस पर सभी मंडलों में बैठकें होंगी जिसमें आम लोगों को भाजपा की रिति नीति से अवगत कराया जाएगा।
यह थे मौजूद
बैठक में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विश्वास सारंग के अलावा पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष धारा सिंह पटेल, भाजपा जिला प्रवक्ता राजकुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुनील लोवानिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला मंत्री धर्मेन्द्र राठौर शामिल हुए।

शुक्रवार, 30 मार्च 2012

जिला कांग्रेस कमेटी में 64 कांग्रेसी हुए शामिल

सीहोर। बहु प्रतिक्षित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा आखिरकार शुक्रवार की देर शाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने की है। जिला कांग्रेस कमेटी में 64 कांग्रेसियों को शामिल किया गया है। इस मर्तबा कमेटी से कुछ वजनदार नाम नदारद है, वहीं कुछ नए चेहरे भी शामिल किए गए हैं। यह भी बताया जा रहा है कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार द्वारा भेजी गई कार्यकारिणी सूची में प्रदेश कार्यालय ने मामूली संशोधन किए हैं।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल रिंकू, उपाध्यक्ष स्वदेश राय, डॉ ओपी वर्मा, गोपाल सिंह इंजीनियर, भविष्य खंडेलवाल, सत्यनारायण पंवार नसरुल्लागंज, दामोदर राय, शरद जोशी, हफीज लतीफ, उमाशंकर नागर, हफीज खां चौधरी, राजेन्द्र वर्मा, महामंत्री प्रदीप प्रगति, शंकर खरे, हफीज उर्ररहमान भैया मियां, तुलसीराम पटेल, मांगीलाल मंझेड़ा, महेन्द्र सिंह मिन्दी अरोरा, संजीब दुबे, सुनील शर्मा, सोहेल मिर्जा, गोरीशंकर मीणा, शमीम अंजुम, कपिल उपाध्याय, नंदकिशोर जसाटी, धर्र्मेन्द्र सिंह ठाकुर सीहोर, अरविंद चौहान श्यामपुर, राशीद खान आष्टा, दर्शन सिंह वर्मा सीहोर, धर्मेन्द्र यादव सीहोर, संगठन सचिव मुनव्वर खान सीहोर, नारायण सिंह मेवाड़ा, रामनारायण परमार इछावर, मेहफूज बंटी सीहोर, संजीव अंग्रवाल टिन्नी, सत्यनारायण भाटी नसरूल्लागंज, डॉ भीष्मसिंह ठाकुर, रमेश वर्मा, अजय सोलंकी शिवनिया नसरूल्लागंज, राजेश आजाद सीहोर, बहादुर चौहान, अजय सोलंकी, दिलीप शर्मा आष्टा, दिनेश भैरवे सीहोर, माखन सिंह यादव, हरिशंकर बेड़ा, राजाराम यादव, रामअवतार सिंह, जाहिरा बारेला, विजय सेनी, गोपाल शर्मा, हमीद बेग, दीपक ठाकुर, खुमान सिंह गुर्जर, श्रीमती जाग्रति ठाकुर सीहोर, संतोष सिंह, संतोष कुमार शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य राजेन्द्र मेवाड़ा, दिलीप चंद्रवंशी इछावर, श्रीमती गुलाब बाई ठाकुर आष्टा, राजकुमार कसोटिया सीहोर, शैलेष राठौर, हेमंत चौहान को शामिल किया गया है।
इनके नाम नहीं
पूर्व में जिला कार्यकारिणी में शामिल हरीश राठौर, अशफाक खान, जगदीश निगोदिया, कमलेश कटारे, कुलदीप सिंह सेठी, जयंत शाह, डॉ अनीस खान, भगवान सिंह पंवार नसरूल्लागंज, सुरेश साबू, कलीम पठान सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
नए चेहरे शामिल
सबसे चौंकाने वाला नाम कार्यकारिणी में युवा कांग्रेस नेता राजकुमार जायसवाल और शंकर खरे का है इन दोनों को संगठन ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा कार्यकारिणी में शामिल महिला नैत्री जाग्रति ठाकुर भी नया चेहरा है वहीं तुलसीराम पटेल, भविष्य खंडेलवाल, दिनेश भैरवे शामिल किए गए हैं।

गुरुवार, 29 मार्च 2012

गेहूं उपार्जन में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कठोर कार्यवाही

सीहोर । कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के निर्देश पर जिला स्तरीय गेहूं उपार्जन समिति द्वारा जिले में संचालित विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बुधनी उपार्जन केन्द्र पर नियुक्त समिति प्रबंधक लक्ष्मणसिंह मारान द्वारा बिना ऋण पुस्तिका के किसानों को गेहूं क्र य किए जाने की अनियमतिता पायी गई, लाड़कुई समिति प्रबंधक जनार्दन शर्मा द्वारा जानबूझकर हम्मालों को छुट्टी कर काम बंद रखा गया, एनपी शर्मा ब्राांच मैनेजर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक नसरूल्लागंज द्वारा जानबूझकर अनेक केन्द्रों पर अव्यवस्थाएं बतलाकर गुमराह कर ई उपार्जन की व्यवस्था को पुराने तरीके से कराने के प्रयास किए जाने की अनियमतिता पाई गई और बिलिकसगंज उपार्जन केन्द्र पर सहकारिता निरीक्षक रैकवार द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने एवं उपार्जन केन्द्र पर भ्रमण एवं उपस्थित नहीं मिलने पर कलेक्टर डॉ. गोयल ने उक्त चारों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने हेतु उप पंजीयक सहकारिता को निर्देशित किया।
जिला प्रबंधक मप्र नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा नियुक्त बिना बिल्टी के गेहूं परिवहन करने की अनियमतिता पाए जाने पर उनके विरूद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।
पटवारी ऋ षि यादव उपार्जन केन्द्र गादर एवं खिड़ियाकुर्मी पर अपनी डयूटी पर उपस्थित नहीं हुए एवं उनके द्वारा डाटा संशोधन में रूचि नहीं दिखाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर डॉ. गोयल ने उपार्जन से जुड़े समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों व समिति प्रबंधकों व पटवारियों व तहसीलदारों एवं परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट रूप से सचेत करते हुए कहा कि सभी अपना कार्य समिर्पत होकर करें अन्यथा कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

रविवार, 25 मार्च 2012

फिल्म देखने आ रहे युवक -युवतियों की कार पलटी




सीहोर। भोपाल से सीहोर फिल्म देखने आ रहे तीन युवतियां ओर एक युवक की कार बड़खेड़ी के समीप अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी जिससे वह चारों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा।
पुलिस के मुताबिक भोपाल वैशाली नगर निवासी शिशिर मोदी अपनी कार क्रमांक एमपी 04-सीटी 1721 से फिल्म देखने सीहोर आ रहे थे। उनके साथ कार में वैशाली नगर भोपाल निवासी पूनम चौहान पुत्री राजेश चौहान, चारू शर्मा पुत्री एलके शर्मा, अनुजा पुत्री राकेश भी थी। बिलकिसगंज मार्ग बरखेड़ी के समीप अचानक शिशिर का कार से नियंत्रण हट गया और कार सीधे गड्ढे में जा गिरी जिससे कि इन चारों को चोटें आई। ग्रामीणों की मदद से इन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां इनका उपचार किया गया। इस दौरान इनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

500 पेड़ कटेंगे 5000 हजार लगाएंगे




सीहोर/श्यामपुर। एनएच 12 भोपाल-नरसिंगढ़ सड़क मार्ग के चौड़ीकरण में 500 पेड़ काटे जाएंगे इनकी एवज में निर्माण एजेंसी को 5000 हजार पेड़ लगाने होंगे। चौड़ीकरण के दौरान कुछ किसानों के पेड़ भी कटेंगे जिनका मुआवजा उन्हें दिया जाएगा।
गौरतलब है कि एनएच 12 के चौड़ीकरण को लेकर रविवार को श्यामपुर मार्ग स्थित नवोदय विद्यालय में दावे आपत्ति को लेकर बैठक बुलाई गई थी इस बैठक में किसान, जन प्रतिनिधि और जागरूक नागरिक शामिल हुए। कुछ किसानों ने अपनी जमीन और वृक्षों को लेकर सवाल किए जिसका संतोषजनक जबाव मौजूद अधिकारियों ने दिए।
लकड़ी नहीं राशि मिलेगी
किसानों ने अपने खेत में खड़े वृक्षों को काटने के संबंध में पूछा था कि लकड़ी उन्हें मिलेगी जिस पर अधिकारियों ने जबाव दिया कि काटे गए पेड़ निर्माण एजेंसी के होंगे उसके एवज में किसानों को राशि का भुगतान किया जाएगा।
बनेंगे दो टोलटेक्स नाके
105.7 किलोमीटर सड़क मार्ग पर दो टोलटेक्स नाके बनाए जाएंगे पहला सोनकच्छ के समीप ओर दूसरा नरसिंहगढ़ जिले के आसपास स्थापित होगा।
700 करोड़ 24 लाख होगी लागत
एनएच 12 के निर्माण में 700 करोड़ 24 लाख की राशि खर्च होेगे इस राशि से सड़क चौड़ीकरण तो होगा ही साथ ही पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पौधरोपण सड़क के बीच में सौन्दर्यीकरण भी किया जाएगा।
44 फिट की होगी सड़क
एनएच 12 के चौड़ीकरण के बाद 44 फिट की सड़क होगी। जिसमें एक और 22 और दूसरी और भी 22 फिट की सड़क आवागमन के लिए उपलब्ध होगी। जिसमें
श्यामपुर-दोराहा जोड़ के समीप दोनों और 22 फिट सड़क निर्माण का निर्धारण किया गया है।
यह थे मौजूद
बैठक में एडीएम एसएस बघेल, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी अलोक सिंघई, एसआर अहिरवार, आरएम कीर, दीपक पाटिल, सीएम बोनसीआल, लायन इंजीयनियरिंग कन्ट्रेक्शन के विकास दीक्षित शामिल हुए।

खरीदी केन्द्र में आग लगी 7 हजार वारदान जले

सीहोर/आष्टा। सिद्धिकगंज खरीदी केन्द्र में रविवार की शाम अचानक आग लग गई जिससे कि केन्द्र के गौदाम में रखे 7 हजार वारदान जलकर राख हो गए। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार रविवार की शाम खरीदी केन्द्र के गौदाम से ग्रामीणों ने धुआ उठते हुए देखा जब तक कुछ समझ पाते गौदाम से आग की लपटें निकलने लगी। ग्रामीणों ने इसकी खबर खरीदी केन्द्र प्रभारी संतोष जैन को दी। खबर मिलने पर श्री जैन ने फायर बिग्रेड वाहन बुलवाए लेकिन तब तक आग ने गौदाम को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया था। ग्रामीणों और फायर बिग्रेड वाहन कर्मचारियों ने मिलकर आग बुझाई। बावजूद इसके गौदाम में रखे 7 हजार खाली वारदान जलकर स्वाहा हो गए।
2 लाख 80 हजार का नुकसान
खरीदी केन्द्र में रखे सरकारी वारदान की कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रूपये बताई जा रही है इतना ही नुकसान का आंकलन होना संभावित है। बताया जा रहा है कि एक वारदान की कीमत लगभग 40 रूपये हैं
आग लगने का कारण अज्ञात
सिद्धिकगंज में स्थित खरीदी केन्द्र के गौदाम में आग लगने का कारण ज्ञात नहंी हुआ है ग्रामीणों का कहना है कि आग अचानक लगी है किसी को भी कुछ पता नहीं चला। गौदाम से धुआं निकलने के बाद पता चला कि गौदाम में आग लगी है।

मंगलवार, 20 मार्च 2012

प्रैक्टीकल के नाम पर अवैध वसूली

सीहोर। शिक्षा के मंदिर स्कूलों को कतिपय शिक्षकों द्वारा अपनी अतिरिक्त कमाई का जरिया किस तरह बना लिया जाता है, इसका उदाहरण शहर के शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला में बनाए गए परीक्षा केन्द्र में देखा जा सकता है, जहां परीक्षकों द्वारा सोमवार को कक्षा 12 वीं के स्वध्यायी परीक्षार्थियों से प्रायोगिक परीक्षा के नाम 50 से 80 रूपए तक ऐंठे गए।
प्राप्त जानकारी अनुसार सोमवार को कक्षा 12 वीं के परीक्षार्थियों की पर्यावरण संबंधी विषय की प्रायोगिक परीक्षा थी। इस परीक्षा में लगभग 70 स्वध्यायी परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
गमले नहीं तो लाओ रूपए
सोमवार को जब कक्षा 12 वीं के परीक्षार्थी प्रायोगिक परीक्षा देने पहुंचे तो वहां मौजूद परीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों से गमले में लगा पौधा लाने को बोला गया और गमला व पौधा न लाने पर उनसे 50 से 80 रूपए लिए गए। इस अवैध वसूली को वहां मौजूद शिक्षकों द्वारा खुलेआम अंजाम दिया गया।
यह पौधा नहीं चलेगा
कक्षा 12 वीं के पर्यावरण विषय की प्रायोगिक परीक्षा देने पहुंचे कुछ परीक्षार्थी अपने साथ पौधा और गमला भी लेकर आए थे, लेकिन परीक्षकों द्वारा उनके पौधों को अमान्य घोषित करते हुए रूपए देने के लिए दवाब बनाया गया और उनसे रूपए लेने के बाद ही उन्हें परीक्षा में शामिल किया गया।
अगली परीक्षा में लेकर आना
परीक्षार्थियों से रूपए ऐंठने वाले परीक्षकों ने अवैध वसूली के दौरान मानवता भी दिखाई। जिस परीक्षार्थी के पास रूपए नहीं थे, उसे अगले प्रश्रपत्र वाले दिन रूपए लाने की हिदायत दी गई तो जिस परीक्षार्थी के पास कुछ रूपए कम पड़े तो परीक्षकों ने उतने पर ही सब्र कर लिया। सूत्र बताते हैं कि शनिवार को भी प्रायोगिक परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों से प्रैक्टीकल के नाम पर अवैध वसूली की गई थी।
इस संबंध में जब सहायक केन्द्राध्यक्ष मृदुला दुबे से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने किसी भी परीक्षार्थी से रूपए लिए जाने के मामले में अनिभज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों से गमले व पौधे लाने को कहा गया था, जो परीक्षार्थी नहीं लाए होंगे, उनसे प्रैक्टीकल फाईल के लिए परीक्षकों द्वारा रूपए लिए गए होंगे।
इनका कहना है
अगर प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर परीक्षार्थियों से रूपए लिए गए हैं तो यह गलत बात है। मैं मामले की जांच करूंगा और कोई परीक्षक दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धर्मेन्द्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी

मां केन्द्राध्यक्ष और बेटी परीक्षार्थी

सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी और हाईस्कूल की वार्षिक परीक्षाओं में किस तरह अनियमतिताओं को अंजाम दिया जा रहा है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला मुख्यालय के एक अशासकीय स्कूल में बने परीक्षा केन्द्र में जिस महिला व्याख्याता को केन्द्राध्यक्ष बनाया गया था, उसकी नजदीकी रिश्तेदार उसी परीक्षा केन्द्र में परीक्षा दे रही है। शिक्षा विभाग द्वारा इस मामले को प्रकाश मेंं आने के बाद न केवल उस महिला केन्द्राध्यक्ष को हटा दिया है, बल्कि वहां नियुक्त अन्य तमाम पर्यवेक्षकों को भी आनन- फानन में बदल दिया गया है।
गत एक मार्च से शुरू हुई माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेण्डरी एवं हाईस्कूल की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा के निष्पक्ष आयोजन को लेकर गंभीर अनियमतिताएं बरती जा रही हैं। ऐसी ही एक अनियमतिता का मामला जिला मुख्यालय पर सामने आया है।
केन्द्राध्यक्ष की नजदीकी रिश्तेदार
शहर के द आक्सफोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केन्द्र को शिक्षा विभाग द्वारा संवेदनशील घोषित किया गया है। इस परीक्षा केन्द्र की केन्द्राध्यक्ष शासकीय सुभाष हायर सेकेण्डरी स्कूल में पदस्थ सुनीता जैन को बनाया गया है। इस मामले में उस समय सोमवार को नया मोड़ आ गया जब पता चला कि उक्त केन्द्राध्यक्ष श्रीमती जैन की पुत्री निमिशा राज जैन आक्सफोर्ड स्कूल में ही कक्षा 12 वीं की परीक्षा दे रही है। नियमों के अनुसार जिस शिक्षक के कोई नजदीकी रिश्तेदार अथवा पुत्र- पुत्री, भाई- भतीजे का जो परीक्षा केन्द्र होता है वहां उस शिक्षक की डयूटी नहीं लगाई जा सकती है, लेकिन आक्सफोर्ड स्कूल में तो केन्द्राध्यक्ष की पुत्री के ही परीक्षा देने का मामला था।
पहुंचा प्रशासनिक अमला
मामले की सत्यता जानने के लिए सोमवार को एसडीएम इच्छित गढ़पाले एवं तहसीलदार अलका एक्का द आक्सफोर्ड स्कूल पहुंचे। बताया जाता है कि इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने वहां से परीक्षा से संबंधित कुछ कागजात भी जब्त किए हैं। मामला प्रथम दृष्टया: शंकास्पद इसलिए लग रहा है, क्योंकि जो छात्रा परीक्ष दे रही है उसके प्रवेश पत्र में छेड़छाड़ करते हुए माता के नाम को सुनीता से बदलकर सुमित्रा कर दिया गया है।
सब कुछ बदला
सोमवार को जब एसडीएम श्री गढ़पाले एवं तहसीलदार सुश्री एक्का आक्सफोर्ड स्कूल में जांच करने पहुंचे थे तो पाया गया कि न केवल परीक्षा केन्द्राध्यक्ष को बदल दिया गया है, बल्कि वहां पदस्थ तमाम पर्यवेक्षक को भी वहां से हटाकर नए पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। सूत्र बताते हैं कि किसी ने आक्सफोर्ड स्कूल में चल रही धांधली के संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी जिसके बाद शिक्षा मंडल से आए अधिकारियों ने भी आक्सफोर्ड स्कूल में कुछ जांच की थी। मामला कुछ भी हो फिलहाल तो यह तय है कि जिले में परीक्षा की गोपनीयता के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है।
इनका कहना है
माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार आक्सफोर्ड स्कूल के केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षकों को हटाकर दूसरे केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। अगर पूर्व केन्द्राध्यक्ष श्रीमती जैन की पुत्री अथवा नजदीकी रिश्तेदार आक्सफोर्ड स्कूल में परीक्षा दे रहा है तो यह गलत व नियम विपरीत है, क्योंकि परीक्षा में डयूटी लगाने से पूर्व संबंधित शिक्षक से घोषणा पत्र लिया जाता है जिसमें उसके द्वारा घोषित किया जाता है कि उसका कोई नजदीकी रिश्तेदार उस परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा नहीं दे रहा है जहां उसकी डयूटी लगाई गई है। अगर जांचोपरांत श्रीमती जैन के खिलाफ कुछ पाया जाता है तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
धर्मेन्द्र शर्मा
जिला शिक्षा अधिकारी
शिकायत मिलने पर हम आक्सफोर्ड स्कूल पहुंचे थे। वहां नकल का कोई मामला सामने तो नहीं आया, लेकिन जिस परीक्षार्थी छात्रा को लेकर मामला संदेहास्पद था वह प्रथम दृष्टया सही नहीं लग रहा है, क्योंकि छात्रा की मां का नाम सुमित्रा है, जबकि केन्द्राध्यक्ष का नाम सुनीता जैन है। मामले की जांच की जा रही है।
अलका एक्का, तहसीलदार सीहोर

रात होते ही अंधेरे में डूब जाता है जेल


सीहोर। जिले का उपजेल को जेल के दर्जा दिए जाने की अधिसूचना जल्द ही जारी होगी और अब अधिकृत तौर पर उपजेल जिला जेल में तब्दील हो जाएगा लेकिन जेल की सुरक्षा को लेकर अभी भी लापरवाही बरती जा रही है।
गौरतलब है कि उपजेल को नवीन भवन में स्थानांतरित किया गया इस भवन को उच्च सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त बाताया गया। लेकिन यहां रोशनी तक की व्यवस्था नहीं है। जेल भवन के आसपास लेंप नहीं होने से रात होते ही भवन अंधेरे में डूब जाता है जिसके कारण किसी भी घटना की आशंकाए बढ़ जाती है।
खंबे लगे लेंप नहीं
जेल भवन के आसपास बिजली के ख्ांबे लगाए गए हैं, लेकिन इन पर लगभग 11 महीने बाद भी लेंप नहीं लग सके हैं। जबकि जेल प्रशासन ने कई बार इससे अवगत कराया है।
और भी है दिक्कतें
जेल में और भी कई दिक्कतें हैं जिसकी वजह से जेल को असुविधाजनक कहा जा सकता है। यहां कैदियों को प्राथमिक इलाज के लिए कपाउंडर नहीं आते हैं वहीं इलाज के लिए कैदियों को अस्पताल ले जाने के लिए गार्ड नहीं मिलते हैं। साथ ही जेल भवन के अंदर भी रोशनी की व्यवस्था नहीं है। रात के समय में भवन का अंदरूनी हिस्सा अंधेरे में डूबा रहता है।
इनका कहना है
जेल में जेल भवन के आसपास रोशनी की व्यवस्था नहीं है तथा कैदियों को इलाज के लिए ले जाने के लिए गार्ड भी नहीं मिलते हैं इन समस्याओं को लेकर पत्र लिखे गए लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ।
केपी कुढ़ापे, जेलर, जेल सीहोर

अब जैकेट बचाइगी पुलिस अधिकारियों की जान

सीहोर। पुलिस अधिकारियों पर होने वाली फायरिंग और इन फायरिंग में अधिकारियों की मौत को लेकर पुलिस मुख्यालय ने जिले में बुलेट प्रुफ जाकेट दिए हैं। फिलहाल जिले को 20 जाकेट आवंटित हुए हैं। अब वीआईपी डयूटी पर तैनात अधिकारी इन जैकेट का उपयोग करेंगे।
गौरतलब है कि अब तक जिले में फायरिंग से बचाव के लिए पुलिस महकमे के पास कोई भी सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। फायरिंग की बढ़ती घटनाओं को लेकर महकमे ने पुलिस मुख्यालय से 20 बुलेट प्रुफ जाकेट की मांग की थी। मुख्यालय ने मांग को जायज मानते हुए जिला पुलिस विभाग को 20 जाकेट आवंटित किए हैं।
थे्रट लेवल थ्री की जाकेट
पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई यह जाकेट थे्रट लेवल थ्री की है इसे अब तक का बेहतर अपग्रेड जाकेट माना जा रहा है। इसकी क्षमता भी अधिक बताई गई है।
15 और 5 मीटर होगी क्षमता
इस जैकेट की एके 47, 7.62एसएलआर, इनसाज रायफल से 15 मीटर दूरी तक सुरक्षित रहेगी तथा 9.एमएम कार्बाइन तथा अन्य समकक्ष हथियार से 5 मीटर दूरी से किए गए फायर से यह जैकेट पूरी तरह सुरक्षा करेगी। इस निर्धारित दूरी से कम दूरी से यदि फायर किया गया तो नुकसान की संभावनाएं हंै।
इन परिस्थितियों में दी जाएगी जाकेट
पुलिस मुख्यालय द्वारा आवंटित बुलेट प्रुफ जाकेट पुलिस अधिकारियों को वीआईपी, वीवीआईपी डयूटी, राष्टÑीय पर्व और त्यौहारों के दौरान होने वाली सघन चैकिंग के समय दी जाएंगी।
इनका कहना है
पुलिस मुख्यालय ने 20 बुलेट प्रुफ जाके ट आवंटित की है। इन्हें सघन चैकिंग और अन्य डयूटी में पुलिस अधिकारियों को उपयोग के लिए दी जाएंगी।
पंकज परमार, रक्षित निरीक्षक सीहोर

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites