मंगलवार, 20 मार्च 2012

मां केन्द्राध्यक्ष और बेटी परीक्षार्थी

सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी और हाईस्कूल की वार्षिक परीक्षाओं में किस तरह अनियमतिताओं को अंजाम दिया जा रहा है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला मुख्यालय के एक अशासकीय स्कूल में बने परीक्षा केन्द्र में जिस महिला व्याख्याता को केन्द्राध्यक्ष बनाया गया था, उसकी नजदीकी रिश्तेदार उसी परीक्षा केन्द्र में परीक्षा दे रही है। शिक्षा विभाग द्वारा इस मामले को प्रकाश मेंं आने के बाद न केवल उस महिला केन्द्राध्यक्ष को हटा दिया है, बल्कि वहां नियुक्त अन्य तमाम पर्यवेक्षकों को भी आनन- फानन में बदल दिया गया है।
गत एक मार्च से शुरू हुई माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेण्डरी एवं हाईस्कूल की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा के निष्पक्ष आयोजन को लेकर गंभीर अनियमतिताएं बरती जा रही हैं। ऐसी ही एक अनियमतिता का मामला जिला मुख्यालय पर सामने आया है।
केन्द्राध्यक्ष की नजदीकी रिश्तेदार
शहर के द आक्सफोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केन्द्र को शिक्षा विभाग द्वारा संवेदनशील घोषित किया गया है। इस परीक्षा केन्द्र की केन्द्राध्यक्ष शासकीय सुभाष हायर सेकेण्डरी स्कूल में पदस्थ सुनीता जैन को बनाया गया है। इस मामले में उस समय सोमवार को नया मोड़ आ गया जब पता चला कि उक्त केन्द्राध्यक्ष श्रीमती जैन की पुत्री निमिशा राज जैन आक्सफोर्ड स्कूल में ही कक्षा 12 वीं की परीक्षा दे रही है। नियमों के अनुसार जिस शिक्षक के कोई नजदीकी रिश्तेदार अथवा पुत्र- पुत्री, भाई- भतीजे का जो परीक्षा केन्द्र होता है वहां उस शिक्षक की डयूटी नहीं लगाई जा सकती है, लेकिन आक्सफोर्ड स्कूल में तो केन्द्राध्यक्ष की पुत्री के ही परीक्षा देने का मामला था।
पहुंचा प्रशासनिक अमला
मामले की सत्यता जानने के लिए सोमवार को एसडीएम इच्छित गढ़पाले एवं तहसीलदार अलका एक्का द आक्सफोर्ड स्कूल पहुंचे। बताया जाता है कि इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने वहां से परीक्षा से संबंधित कुछ कागजात भी जब्त किए हैं। मामला प्रथम दृष्टया: शंकास्पद इसलिए लग रहा है, क्योंकि जो छात्रा परीक्ष दे रही है उसके प्रवेश पत्र में छेड़छाड़ करते हुए माता के नाम को सुनीता से बदलकर सुमित्रा कर दिया गया है।
सब कुछ बदला
सोमवार को जब एसडीएम श्री गढ़पाले एवं तहसीलदार सुश्री एक्का आक्सफोर्ड स्कूल में जांच करने पहुंचे थे तो पाया गया कि न केवल परीक्षा केन्द्राध्यक्ष को बदल दिया गया है, बल्कि वहां पदस्थ तमाम पर्यवेक्षक को भी वहां से हटाकर नए पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। सूत्र बताते हैं कि किसी ने आक्सफोर्ड स्कूल में चल रही धांधली के संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी जिसके बाद शिक्षा मंडल से आए अधिकारियों ने भी आक्सफोर्ड स्कूल में कुछ जांच की थी। मामला कुछ भी हो फिलहाल तो यह तय है कि जिले में परीक्षा की गोपनीयता के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है।
इनका कहना है
माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार आक्सफोर्ड स्कूल के केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षकों को हटाकर दूसरे केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। अगर पूर्व केन्द्राध्यक्ष श्रीमती जैन की पुत्री अथवा नजदीकी रिश्तेदार आक्सफोर्ड स्कूल में परीक्षा दे रहा है तो यह गलत व नियम विपरीत है, क्योंकि परीक्षा में डयूटी लगाने से पूर्व संबंधित शिक्षक से घोषणा पत्र लिया जाता है जिसमें उसके द्वारा घोषित किया जाता है कि उसका कोई नजदीकी रिश्तेदार उस परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा नहीं दे रहा है जहां उसकी डयूटी लगाई गई है। अगर जांचोपरांत श्रीमती जैन के खिलाफ कुछ पाया जाता है तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
धर्मेन्द्र शर्मा
जिला शिक्षा अधिकारी
शिकायत मिलने पर हम आक्सफोर्ड स्कूल पहुंचे थे। वहां नकल का कोई मामला सामने तो नहीं आया, लेकिन जिस परीक्षार्थी छात्रा को लेकर मामला संदेहास्पद था वह प्रथम दृष्टया सही नहीं लग रहा है, क्योंकि छात्रा की मां का नाम सुमित्रा है, जबकि केन्द्राध्यक्ष का नाम सुनीता जैन है। मामले की जांच की जा रही है।
अलका एक्का, तहसीलदार सीहोर

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites