
सीहोर। छात्रा से एक तरफा प्रेम करने वाले शिक्षक ने नाकाम होकर छात्रा के ऊपर कैरोसिन डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि तीस अक्टूबर की शाम इंग्लिशपुरा क्षेत्र में रहने वाली कक्षा 12वीं की छात्रा दीपाली कौशल अपने घर पर चाय बना रही थी, तभी किसी अज्ञात युवक ने घर के अंदर घुसकर उसके ऊपर कैरोसिन डाल दिया और आग लगा दी। दीपाली आग से बुरी तरह झुलस गई उसे गंभीर अवस्था में भोपाल रेफर किया गया था जहां बुधवार की शाम तक वह मौत और जीवन के बीच संघर्ष कर रही है। इसी मामले में पुलिस ने पीडि़त लड़की और परिजनों के बयान पर शशांक कुशवाह नामक शिक्षक के खिलाफ धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। शशांक घटना के बाद से ही फरार था और वह भोपाल रह रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने शशांक के ठिकाने पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नहीं कबूला जुर्म
कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी शशांक कुशवाह से 25 मिनट तक पूछताछ की गई, इस पूछताछ में उसने अपना जुर्म नहीं कबूल किया है वह लगातार पुलिस से यही कहता रहा कि उसने ऐसा नहीं किया है। हालांकि उसके पास इस बात का जबाव नहीं था कि वारदात के बाद से ही वह फरार क्यों हो गया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें