सीहोर। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा एक कैदी सीहोर जिला अदालत में प्रहरियों को चकमा देकर भाग खड़ा हुआ। मामले में कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोराहा थाना क्षेत्र के ग्राम सिराड़ी निवासी रघुवीर दांगी को हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा न्यायालय द्वारा सुनाई गई थी। सजा के बाद रघुवीर को भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। एक अन्य मामले में पेशी के दौरान रघुवीर को भोपाल जेल के दो प्रहरी सीहोर लेकर आए थे। पेशी के बाद रघुवीर को जब सेंट्रल जेल के प्रहरी वापस भोपाल ले जा रहे थे, तभी वह प्रहरियों को चकमा देकर भागने में सफल हो गया। जानकारी के अनुसार प्रहरियों ने उसे पकड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
कई मामले हैं दर्ज
सिराड़ी निवासी रघुवीर दांगी के खिलाफ दोराहा थाना में मारपीट, बलवे और हत्या जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। अदालत से फरार होने के बाद सीहोर पुलिस रघुवीर के खिलाफ एक और प्रकरण दर्ज किया। इसके अलावा सेंट्रल जेल के प्रहरियों द्वारा लापरवाही बरतने को लेकर भी कार्रवाई की जाना तय मानी जा रही है।
गौरतलब है कि करीब तीन माह पहले जिला चिकित्सालय से एक बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार हुए हत्या के आरोपी लाड़सिंह का अभी तक सीहोर पुलिस सुराग नहीं लगा पाई है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें