शुक्रवार, 30 सितंबर 2011

बेटी बचाओ अभियान में धर्मगुरू निभाएंगे सकारात्मक भूमिका

सीहोर : बेटी बचाओ अभियान हेतु धर्मगुरू, आर्य समाज के प्रबंधक, गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंधक और अन्य धर्म प्रचारकों को इस बात के लिए तैयार किया जाएगा कि वे प्रवचन के दौरान 10 से 15 मिनिट बेटी के महत्व की बातें करे। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार केवल बेटियों के मातापिता का क्लब बनाया जाएगा तथा इन्हें राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर जिला स्तर पर सम्मानित कर अभियान का ब्रांड एम्बेस्डर बनाया जाएगा।कलेक्टर डॉ. गोयल ने शासन निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने अभियान का रोड मैप तैयार कर लिया है। इसमें आधा दर्जन से ज्यादा विभाग साल भर 60 से ज्यादा गतिविधियां संचालित करेंगे। इसमें दहेज मांगने वाले परिवारों का सामाजिक बहिष्कार, सादगीपूर्ण विवाह समारोह को प्रोत्साहन तथा मंदिर और धर्मालयों में होने वाली आरती व प्रार्थना के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को बेटी का महत्व समझाना प्रमुख है।कलेक्टर डॉ. गोयल ने बताया कि अभियान को सफल बनाने हेतु शासन के निर्देशानुसार समस्त राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जो गतिविधियां तय की गई है उसमें ऐसे परिवार जिसमें सिर्फ बेटियां ही हैं, उन्हें अपने आवास की रजिस्ट्री पति-पत्नी के नाम करने पर स्टाम्प ड्यूटी में छूट दी जाएगी। विकास खंड स्तर पर गांव की भजन मंडलियों के लिए विषय से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान में अच्छा काम करने वाले व्यक्ति एवं संगठनों को पुरूस्कृत भी किया जाएगा।

Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites