विशेष राजस्व अभियान संबंधी कार्यशाला
सीहोर : जिले में संचालित विशेष राजस्व अभियान के सिलसिले में आज शासकीय चन्द्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें कलेक्टर कवीन्द्र कियावत ने राजस्व अधिकारियों को विस्तार से मार्ग दर्शन प्रदान किया और अभियान की सफलता के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्यशाला में एडीएम एसएस.बघेल, संयुक्त कलेक्टर आरके बोहत, एसडीएम हृदेश श्रीवास्तव, एसडीएम इछावर आरआर चौधरी, एसडीएम बुधनी जेपी संचान और एसडीएम नसरूल्लागंज एम.एल.विजयवर्गीय सहित जिले की समस्त तहसीलों के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी मौजूद थे। कार्यशाला का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर कवीन्द्र कियावत ने कहा कि प्रदेश में नि:शुल्क खसरा वितरण कार्य की शुरूआत जिले की नसरूल्लागंज तहसील से की गई। उन्होंने विशेष राजस्व अभियान के सिलसिले में राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों का हवाला देते हुए जिले में इस अभियान का पूरी गंभीरता के साथ क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का आयोजन का उद्देश्य भी यही है कि समन्वित प्रयासों से इस अभियान को सफल बनाकर आमजन को राजस्व योजनाओं से लाभांवित किया जाए।
प्रगति नाकाफी
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की प्रगति को नाकाफी बताते हुए कहा कि स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने राजस्व विभाग का महत्व रेखांकित करते हुए कहा कि विभागीय संरचना में राजस्व का अहम रोल है। उन्होंने राजस्व अमले को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएं और जनविश्वास अर्जित कर इस अभियान को परिणामदायी बनाएं। कार्यशाला में उन्होंने राजस्व के मैदानी अमले को फील्ड में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया और कहा कि मुझे परिणाम और सिर्फ परिणाम चाहिए।
कलेक्टर के निर्देश
अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भू अर्जन के मामले में नक्शे में तरमीम जरूरी है। सीमांकन का कार्य राजस्व निरीक्षक और पटवारी का है और इसका सख्ती से पालन किया जाए। अविवादित, बंटवारा प्रकरणों में फर्दबंटान भू-स्वामी की सहमति से करें। मुख्यमंत्री आवास मिशन तथा इंदिरा आवास के जिले में सात हजार हितग्राहियों को लाभांवित किया जाएगा और इसके लिए एसडीएम ले-आउट कार्य को पूरा कर 30 अप्रैल तक भू-अधिकार प्रपत्र के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि स्वीकृति जारी की जा सके। एसडीएम धारा 92 के प्रकरणों में तत्परतापूर्वक कार्यवाही सुनिश्चित करें। आरबीसी 6(4)प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर संबंधितों को राहत पहुंचाएं। राजस्व मुख्यालयों पर 2 एवं 3 मई को शिविरों का आयोजन किया जाए। एसडीएम प्रति सप्ताह राजस्व अमले की बैठक लेकर अभियान की मॉनीटरिंग करें।
सडक दुर्घटना के हुए बीते एक वर्ष के प्रकरणों की थानों से जानकारी संकलित की जाए ताकि पीडितों को आर्थिक सहायता मुहैया कराएं जा सकें। ज्ञात और अज्ञात वाहनों से हुई दुर्घटनाओं में अलग अलग प्रकरण तैयार किए जाएं। ग्राम पंचायतों में आयोजित जनसुनवाई में रोस्टर अनुसार पटवारी और संबंधित अमले की गांवों में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। कार्यशाला को एडीएम एस एस बघेल ने भी संबोधित कर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला का संचालन संयुक्त कलेक्टर आरके बोहत ने किया और अंत में आभार एसडीएम सीहोर ह्रदेश श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें