गुरुवार, 11 अप्रैल 2013

समय रहते किसानों का भुगतान किया जाए,एक निलंबित तीन से स्पष्टीकरण




सीहोर : कलेक्टर कवीन्द्र कियावत ने आज सीहोर तहसील के 17 ई उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साफतौर पर निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि में गेहूं खरीदी कार्य पूर्ण किया जाए और किसानों को समय रहते भुगतान हो यह सुनिश्चित किया जाए। भ्रमण के दौरान उपायुक्त सहकारी संस्थाएं अशोक कुमार शुक्ला, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ मुकेश श्रीवास्तव, सहायक आपूर्ति अधिकारी शाकिर खॉन कलेक्टर के साथ थे।
कलेक्टर

 कवीन्द्र कियावत ने  मंडी सीहोर, बिजोरी, श्यामपुर, बैरागढ खुमान, पडियाला, पीलूखेडी, चरनाल, छतरपुरा, चांदबढजागीर, अहमदपुर, सीलखेड़ा, बरखेड़ाहसन, गढ़ीबगराज, मगरदा, रसूलपुरा, खाईखेड़ा, झरखेड़ा और मुंगावली ई उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी और इसके परिवहन, किसानों को किए गए एसएमएस तथा किसानों के केन्द्रों पर पहुंचने की जानकारी केन्द्र प्रभारियों से प्राप्त की।
कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों पर तौलकांटे बढाकर खरीदी कार्य में तेजी लाने और निर्धारित अवधि में इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित अधिकारी कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र बैरागढ खुमान पर अपेक्षाकृत व्यवस्थाएं नहीं पाए जाने पर यहां के सहायक प्रबंधक एवं उपार्जन प्रभारी नारायण सिंह को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने श्यामपुर में किशोर सिंह वर्मा, चरनाल में  केशर सिंह चौहान, छतरपुरा में  संजय तिवारी, अहमदपुर में  सुभाष नामदेव, बरखेड़ा हसन में छगनलाल आदि को गंभीरता के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि इसे अंतिम चेतावनी माना जाए, इसके बाद भी  कार्य में यही रवैया रहा तो बख्शा नहीं जाएगा।
किसानों को करें तत्काल भुगतान
किसानों को पीले चांवल के साथ निमंत्रण दिए जाने और उन्हें एसएमएस से सूचना देने के बाद भी कुछ किसानों के खरीदी केन्द्रों पर नहीं आने की जानकारी हासिल कर कलेक्टर ने केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों से लिखित में जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने किसानों को राहत राशि के भुगतान के संबंध में तहसीलदार अशोक गुवाडिया से जानकारी हासिल की और समय रहते किसानों को भुगतान नहीं होने पर कड़ी नाराजी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कल शाम तक संबंधित किसानों के खाते में राहत राशि जमा हो जाए यह सुनिश्चत करें।
नुक्सान का जायजा
  कलेक्टर श्री कियावत ने ग्रामीणों के आग्रह पर ग्राम चांदबढजागीर में आग से जली श्री गुप्ता की दूकान का निरीक्षण किया और तहसीलदार को तत्काल प्रकरण बनाकर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

एक निलंबित तीन से स्पष्टीकरण
  कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देश पर अमल नहीं करने और लापरवाही बरते जाने पर शाखा बखतरा में पदस्थ पर्यवेक्षक  शालगराम मीना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस सिलसिले में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ ने आदेश जारी कर दिया है। इसी तरह खरीदी केन्द्र पर उचित व्यवस्थाएं नहीं पाए जाने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने पर समिति प्रबंधक शाखा शाहगंज  दशरथ सिंह यादव, प्रभारी प्रबंधक शाखा शाहगंज  राधेश्याम प्रजापति तथा प्रभारी शाखा प्रबंधक बकतरा  रघुवीर मालवीय के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए उनसे स्पष्टीकरण चाहा गया है।


Share

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites